कर्मकाण्डीय विप्र परिषद् की बैठक सम्पन्न, पं. मालचन्द्र शर्मा पुनः सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने गए | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कर्मकाण्डीय विप्र परिषद् की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को भूतेश्वर महादेव मंदिर स्थित मां अन्नपूर्णा के दरबार में आयोजित की गई। बैठक में परिषद का विस्तार करते हुए नगर के विभिन्न मंदिरों के पुजारियों को संगठन में शामिल करने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन का नाम बदलकर कर्मकाण्डीय विप्र पुजारी परिषद रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करते हुए पं. मालचन्द्र शर्मा को पुनः सर्वसम्मति से परिषद का अध्यक्ष चुना गया। नई कार्यकारिणी के गठन तक पं. राधेश्याम उपाध्याय कार्यवाहक के रूप में व्यवस्था संभालेंगे। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने यूजीसी कानून का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग भी की। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पं. प्रेमप्रकाश गौड़, पं. जगदीशप्रसाद शर्मा, पं. रामेश्वर शर्मा सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। जानकारी पूर्व मंत्री पं. जगदीशप्रसाद शर्मा ने दी।

Top