नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मध्यप्रदेश रैगर समाज युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से 5 दिवसीय रैगर समाज क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की 6 टीमों ने भाग लिया और पहले दिन तीन रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहला मैच पिपलिया रावजी और चीता खेड़ा के बीच हुआ, जिसमें चीता खेड़ा टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। टीम के महेश जाबरडोलिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता। दूसरे मैच में बघाना टीम ने दाता को 101 रन से हराया। बघाना के विनोद बरोलिया ने 62 रन बनाकर और 4 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। तीसरे मुकाबले में भी खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया। प्रतियोगिता में मालवा-मेवाड़ क्षेत्र की 16 टीमें भाग ले रही हैं। संयोजक किशन जैनवार ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन समाज की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। सोमवार को भी तीन मैच खेले जाएंगे।