नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश रैगर समाज युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय रैगर समाज क्रिकेट प्रतियोगिता उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता का आयोजन राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम में किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। पहला मैच बघाना ए और सरवानिया महाराज की टीम के बीच खेला गया, जिसमें बघाना ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
दूसरे मैच में चीताखेड़ा ने बाड़ी टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला बघाना और चीताखेड़ा के बीच खेला गया, जिसमें बघाना टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 82 रन बनाए। जवाब में चीताखेड़ा की टीम 74 रन ही बना सकी और बघाना टीम 4 विकेट से विजेता बनी। प्रतियोगिता में बेस्ट बॉलर का अवार्ड दीपक आर्य और बेस्ट बैट्समैन का अवार्ड राजेश को मिला। बघाना टीम के कालू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। विजेता टीम को 21 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।