मलेरिया-डेंगू जागरूकता रथ रवाना, मनासा में ‘संकल्प से समाधान’ शिविर में बांटे लाइसेंस व हेलमेट | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ एम्बेड परियोजना के समन्वय से संचालित होगा और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर माइकिंग के माध्यम से मच्छरजनित रोगों की रोकथाम, साफ-सफाई और बचाव के उपायों की जानकारी देगा। डॉ. प्रसाद ने बताया कि गर्मी के मौसम में मच्छरों की उत्पत्ति बढ़ने से मलेरिया व डेंगू का खतरा अधिक रहता है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।

 

इस अवसर पर एम्बेड परियोजना के टीकम नागर सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत मनासा में विशेष शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास एवं परिवहन विभाग द्वारा छात्राओं और महिलाओं को निःशुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस तथा हेलमेट प्रदान किए जा रहे हैं। शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने 60 महिलाओं को लाइसेंस की प्रतियां और हेलमेट वितरित किए। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Top