नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्य प्रदेश इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर से भारी मात्रा में पोस्त डोडा बरामद किया है। कार्रवाई 7 मार्च को ग्राम अम्बाव से बालागुड़ा मार्ग, तहसील मल्हारगढ़, जिला मंदसौर में की गई। प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन अधिकारियों की टीम ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी रखी। इस दौरान बिना पंजीकरण वाले जॉन डियर ट्रैक्टर को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच के बाद सुरक्षा कारणों से वाहन को कार्यालय परिसर लाया गया, जहां विस्तृत तलाशी में ट्रैक्टर से कुल 9 बोरों में भरा 217.890 किलोग्राम पोस्त डोडा (पॉपी कैप्सूल) बरामद हुआ। इसमें 95.470 किलोग्राम सीपीएस और 122.420 किलोग्राम लैंस्ड पोस्त डोडा शामिल है। सीबीएन अधिकारियों ने मादक पदार्थ और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। साथ ही मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम 1985 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। सीबीएन अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे जांच जारी है और मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।