नीमच में जनगणना 2027 के लिए द्वितीय चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भारत की आगामी जनगणना 2027 के सफल संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में द्वितीय चरण का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को पी.जी. कॉलेज नीमच के कंप्यूटर लैब में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ, जिसमें जनगणना से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण में बताया गया कि आगामी जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। जनगणना 2027 के सुचारू संचालन के लिए नगरीय और ग्रामीण स्तर पर चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिन्हें जिला स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसीलदार, चार्ज जनगणना अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी तथा जनगणना लिपिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के जिला प्रभारी संदीप घोरे ने एमएमएस पोर्टल पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया। उन्होंने जिला जनगणना हस्तपुस्तिका, ग्राम एवं नगर निर्देशिका अनुसूची, प्रक्रिया प्रवाह तथा प्रगणकों और सुपरवाइजर की सूची एक्सेल में अपलोड कर नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।

Top