नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला एवं विकासखंड स्तरीय मिशन स्टाफ तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में गठित 45 प्रोड्यूसर समूहों के सदस्यों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रोड्यूसर समूहों के गठन, संचालन, वित्तीय प्रबंधन और आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में सभी प्रोड्यूसर समूहों के बैंक खाते शीघ्र खुलवाने तथा पिछले छह माह की आय-व्यय का नियमित लेखा-जोखा रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही शासन से प्राप्त राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करने और स्वीकृत बिजनेस प्लान के अनुसार कार्यशील पूंजी एवं अधोसंरचना राशि का उपयोग आवश्यक संसाधनों पर करने को कहा गया। सीईओ वैष्णव ने बताया कि बेहतर कार्य करने वाले समूहों की हर छह माह में ग्रेडिंग की जाएगी, जबकि कमजोर समूहों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। जो समूह संतोषजनक कार्य नहीं करेंगे, उनके संसाधन वापस लेकर अन्य सक्रिय समूहों को दिए जाएंगे। बैठक में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को कृषि सखी, बैंक सखी, बीमा सखी, पशु सखी सहित अन्य गतिविधियों से जुड़कर आजीविका मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।