नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में 17 फरवरी को हुई दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। थाना नीमच केंट पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से करीब दो तोले वजनी सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद मंदसौर, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा और झालावाड़ क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया गया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी पुष्पेंद्र और दीपक मीणा को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आगे की पूछताछ में जुटी हुई है।