अफवाहों के बीच प्रशासन सख्त, गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़  | नीमच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच जिले में एलपीजी गैस को लेकर अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। गैस सिलेंडर की कथित कमी की खबरों से उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई। वहीं गैस बुकिंग से जुड़ी वेबसाइट और हेल्पलाइन में तकनीकी समस्या आने के कारण कई उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुक कराने में परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद गुरुवार को जिला प्रशासन ने गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। एडीएम बी.एल. कलेश, एसडीएम संजीव साहू और जिला आपूर्ति अधिकारी आर्यन दिवाकर ने कनावटी स्थित सांवलिया गैस एजेंसी सहित अन्य एजेंसियों पर पहुंचकर गैस स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए बताया कि कई दिन पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। इस पर अधिकारियों ने एजेंसियों में उपलब्ध स्टॉक और वितरण की स्थिति की जानकारी ली। गैस एजेंसी एसोसिएशन के अध्यक्ष जुल्फिकार बारूदवाला और श्याम गैस एजेंसी के संचालक श्याम नरेडी ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। तकनीकी कारणों से बुकिंग सिस्टम कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ है, जिसे जल्द ठीक किया जा रहा है।

Top