नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच अखिल भारतीय पोरवाल महासभा के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय पोरवाल महिला महासभा (मध्य प्रदेश इकाई) द्वारा 15 मार्च को मालवा की वैष्णो देवी कहे जाने वाले भादवा माता मंदिर में 251 फीट लंबी चुनरी यात्रा और भव्य फाग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महासभा के पदाधिकारी भादवा माता मंदिर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फाग महोत्सव का आयोजन पाटीदार धर्मशाला में होगा, जबकि चुनरी यात्रा गौशाला से ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेगी। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा और मालाओं से स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवियों के सहयोग से लगभग 11 सिलाई मशीनों का वितरण भी किया जाएगा। इसके साथ ही खाटू श्याम दरबार, मां वैष्णो देवी पिंडी दर्शन, गोपूजन, गौ माता को छप्पन भोग, सुहाग सामग्री वितरण और ब्रज की फूलों की होली जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। आयोजन को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है।