नीमच में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु किशोरियों का टीकाकरण महाअभियान, 280 बालिकाओं को लगा एचपीवी टीका | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान को गति देने के उद्देश्य से बुधवार को विशेष महाअभियान आयोजित किया गया। कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में एक ही दिन में 280 लक्षित किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा एनआरएलएम के मैदानी अमले की संयुक्त टीम बनाकर मोबिलाइजेशन की विशेष कार्ययोजना तैयार की गई।

इसके परिणामस्वरूप जिले में एक दिन में अब तक का सर्वाधिक टीकाकरण दर्ज किया गया। महाअभियान के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने सिविल अस्पताल जावद, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डीकेन और सरवानिया महाराज में टीकाकरण बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही मोबिलाइजेशन टीम से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि अभियान के तहत 14 वर्ष तक की किशोरियों को एचपीवी टीका लगाया जा रहा है। अब तक जिले में 700 से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं और किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है। उन्होंने अफवाहों से बचते हुए अधिक से अधिक किशोरियों से टीकाकरण करवाने की अपील की है।

Top