नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन नीमच की टीम ने रामपुरा में संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण अभियान का नेतृत्व डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में किया गया। टीम ने 6 फर्मों—लक्की भोजनालय, दुआ किराना, मानकचंद-नाथूलाल धान मंडी, शैलेंद्र किराना स्टोर, प्रियंका भोजनालय और मानसरोवर फैमिली रेस्टोरेंट—का निरीक्षण कर मौके पर विक्रय हेतु भंडारित खाद्य पदार्थों के 20 नमूने जांच के लिए लिए।
निरीक्षण के दौरान कई फर्मों में मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, FSSAI प्रशिक्षण प्रमाणपत्र और खाद्य पंजीयन नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किए गए। टीम ने सभी खाद्य कार्यकर्ताओं को स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य निर्माण और ग्राहकों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के निर्देश दिए। लिए गए नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजे गए हैं और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के आकस्मिक निरीक्षण अभियान को सतत जारी रखा जाएगा। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी और यशवंत कुमार शर्मा की देखरेख में संपन्न हुई।