नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन राजगढ़ नाका मैदान में किया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पारंपरिक खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं।
उन्होंने ग्रामीण युवाओं से खेल भावना के साथ भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि सरकार निरंतर प्रयासरत है कि जिले की प्रतिभाएं राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम रोशन करें। प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों और जनपद पंचायतों से चयनित टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में मेघनगर की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, राणापुर द्वितीय और झाबुआ विकासखंड की टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता टीमों को मंत्री निर्मला भूरिया ने पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान अन्य अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।