आंवरी माताजी के 20वें मेले की तैयारियां शुरू, 9 दिवसीय कार्यक्रम तय | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा जगत जननी आरोग्य देवी महामाया आंवरी माताजी के पावन दरबार में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर इस वर्ष 9 दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला समिति द्वारा 20वें मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और सभी कार्यक्रमों को प्रशासन से अनुमति भी मिल चुकी है। हालांकि मंदिर तक पहुंचने वाली सड़क की खराब स्थिति श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन रही है। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष मनसुख जैन ने बताया कि 19 मार्च को प्रातः 8 बजे बजरंग मंदिर चीताखेड़ा से भव्य चुनरी यात्रा निकलेगी, जिसमें अलीराजपुर के कलाकारों द्वारा आदिवासी भगोरिया नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। मेले के दौरान 22 मार्च को सांस्कृतिक कार्यक्रम, 23 व 25 मार्च को भजन संध्या, 24 मार्च को कॉमेडी शो तथा 26 मार्च को दुर्गा महाअष्टमी पर भजन संध्या आयोजित होगी। इसी दिन हवन, महाप्रसाद व विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। मेले में लगने वाली दुकानों के लिए 17 मार्च को प्रातः 8 बजे से भूखण्ड आवंटन किया जाएगा।

Top