नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला कलेक्टर के स्वच्छता शनिवार अभियान के तहत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दुर्गा बामनिया ने शनिवार को बघाना क्षेत्र का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणेश स्कूल क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर भी जांची। निरीक्षण में कुछ स्थानों पर गंदगी मिलने पर सीएमओ ने स्वच्छता पर्यवेक्षक और जनसेवकों को नालियों व सड़कों की नियमित सफाई तथा समय पर कचरा उठाने के निर्देश दिए। गणेश स्कूल क्षेत्र में घरों के बाहर और नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण से सफाई कार्य प्रभावित होने पर रहवासियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी गई। सीएमओ बामनिया ने कहा कि यदि नागरिक स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो नगर पालिका द्वारा कार्रवाई की जाएगी। साथ ही निरीक्षण के दौरान लगातार अनुपस्थित पाए गए चार कर्मचारियों को कार्य से बंद करने के निर्देश भी स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।