नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच संसद में वित्त मंत्री द्वारा नीमच जिले को राजस्थान का हिस्सा बताए जाने के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने इसे जिले की ऐतिहासिक पहचान और अस्मिता का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि संसद जैसे सर्वोच्च मंच पर इस तरह की टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे जिलेवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। बाहेती ने कहा कि नीमच देश की आजादी की लड़ाई, अफीम उत्पादन और विशाल कृषि उपज मंडी के कारण देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। इसके बावजूद वित्त मंत्री को इसकी भौगोलिक स्थिति की जानकारी नहीं होना आश्चर्यजनक है। उन्होंने इस मामले में स्थानीय सांसद सुधीर गुप्ता की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सांसद अपने क्षेत्र के मुद्दों और पहचान को प्रभावी ढंग से संसद में रखते, तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। कांग्रेस ने इस बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से अधिक संवेदनशीलता बरतने की मांग की है।