नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला शिक्षा केंद्र और डाइट के सहयोग से तैयार की गई पुस्तिका “हमारे शिक्षक – हमारे प्रेरणास्त्रोत (नीमच)” के प्रथम संस्करण का विमोचन जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा किया गया। कार्यक्रम जिला कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस पुस्तिका का उद्देश्य जिले के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, उत्कृष्ट शैक्षिक प्रयासों और कक्षा-कक्ष में अपनाए जा रहे प्रभावी प्रयोगों को साझा करना है। इसमें उन शिक्षकों के अनुभव शामिल किए गए हैं, जो सीएम राइज शिक्षक व्यावसायिक उन्नयन कार्यक्रम के तहत “शैक्षिक संवाद” से मिली सीख को विद्यालयों में लागू कर रहे हैं। कार्यक्रम में डीपीसी दिलीप व्यास, एपीसी (अकादमिक) पंडित अम्बिका प्रसाद जोशी, डाइट प्राचार्य निर्मल राठौर और शिक्षक विनोद लालवानी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। यह बुकलेट शिक्षकों के नवाचार और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रयासों का महत्वपूर्ण दस्तावेज मानी जा रही है।