नीमच टुडे न्यूज़ | पिपलिया स्टेशन मंदसौर-नीमच अंचल के अफीम उत्पादक किसानों की समस्या को लेकर किसान नेता श्यामलाल जोकचन्द्र ने केंद्रीय वित्त मंत्री को पत्र लिखकर सीपीएस पद्धति के तहत अफीम के डोडे तोड़ने की अनुमति शीघ्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई किसानों को नारकोटिक्स विभाग द्वारा सीपीएस पद्धति के तहत अफीम के पट्टे दिए गए हैं, जिसमें डोडों पर चीरा लगाने के बजाय पके हुए साबुत डोडे जमा करवाने होते हैं। जोकचन्द्र ने कहा कि इस समय खेतों में अफीम की फसल पूरी तरह पककर तैयार है, लेकिन डोडे तोड़ने को लेकर अब तक कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं हुआ है। इससे किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। किसानों को रात-रात भर खेतों में पहरा देना पड़ रहा है और चोरी का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि पिछले वर्ष की तरह किसानों को गांव के मुखिया की मौजूदगी में डोडे तोड़ने की अनुमति दी जाए, जिससे किसानों को राहत मिल सके।