मालवा जन आक्रोश यात्रा जत्था नीमच पहुंचा, 24 मार्च को दिल्ली रैली का आह्वान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा निकाली जा रही मालवा जन आक्रोश यात्रा का जत्था 9 मार्च को इंदौर से शुरू होकर 13 मार्च की शाम नीमच पहुंचा। जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निकाली गई इस यात्रा में कार्यकर्ताओं ने “लेबर कोड वापस लो, बिजली व बीज बिल रद्द करो, जल-जंगल-जमीन से आदिवासियों की बेदखली बंद करो और 24 मार्च को दिल्ली चलो” जैसे नारों के साथ विरोध जताया। गांधी वाटिका में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सीपीएम के वरिष्ठ राज्य कमेटी सदस्य कैलाश लिंबोदिया ने कहा कि सरकार की नीतियों से संसाधनों पर आम जनता का अधिकार घट रहा है, जबकि पूंजीपतियों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने आदिवासी अधिकारों, मनरेगा और श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए 24 मार्च को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली मजदूर-किसान रैली में शामिल होने का आह्वान किया। सभा में किशोर जवेरिया, कृपाल सिंह, निरंजन गुप्ता ‘राही’ और अरुण चंदेल सहित अन्य वक्ताओं ने भी श्रम संहिताओं, बिजली निजीकरण और बीज कानून का विरोध जताया। कार्यक्रम के बाद जत्था नया गांव पहुंचा, जहां सीसीआई के बंद कारखाने के श्रमिकों से मुलाकात की गई और गांधी चौक पर सभा आयोजित कर सीसीआई नयागांव को फिर से चालू करने की मांग उठाई गई।

Top