गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, “नाले की गैस की चाय” से साधा निशाना | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों और बुकिंग बंद होने के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि एक ओर देश के प्रधानमंत्री कहते हैं कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी ओर नीमच जिले सहित पूरे प्रदेश और देश में गैस सिलेंडर की बुकिंग बंद कर दी गई है। साथ ही गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के उस बयान को भी मुद्दा बनाया, जिसमें उन्होंने नाले की गैस से चाय बनाने की बात कही थी। इसी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से “नाले की गैस की चाय की मोदी की दुकान” बनाकर प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों का विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सीधा असर आम जनता की रसोई पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने सरकार से गैस सिलेंडर की कीमतें कम करने और बुकिंग व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है।

Top