जीरन में भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को मिला संगठन का मार्गदर्शन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | जीरन (नीमच)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर चल रहे प्रदेशव्यापी ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के तहत जीरन (दक्षिण मंडल) में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। स्थानीय सामुदायिक भवन (चिताखेड़ा दरवाजा) में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा और जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत माँ भारती और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष पंच-दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उद्घाटन सत्र में जिला प्रभारी सुभाष पटेल, जिला अध्यक्ष श्रीमती वंदना खंडेलवाल, क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार तथा प्रशिक्षण प्रभारी राकेश पप्पू जैन मौजूद रहे। प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन कुल पांच सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में महेंद्र (बबलू) भटनागर ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान और इतिहास पर प्रकाश डाला। दूसरे सत्र में भगतराम पाटीदार ने बूथ प्रबंधन और ‘बूथ जीता–चुनाव जीता’ के मंत्र को समझाया। तीसरे सत्र में प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार ने संगठन विस्तार की रणनीति बताई, जबकि चौथे सत्र में अवंतिका जाट ने केंद्र सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के विषय में जानकारी दी। अंतिम सत्र में विधायक दिलीप सिंह परिहार ने पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास और विकासवादी राजनीति पर अपने विचार रखे। दक्षिण मंडल महामंत्री किशन अहिरवार और दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में मंडल के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दो दिवसीय यह प्रशिक्षण वर्ग 15 मार्च को समापन सत्र के साथ समाप्त होगा।

Top