नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को सीटीसी सीआरपीएफ परिसर नीमच में विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण में नीमच सहित आसपास के जिलों से आए विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, अनुशासन, देशभक्ति तथा सेना और अर्द्धसैनिक बलों की भूमिका के बारे में जागरूक करना था। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सीआरपीएफ की कार्यप्रणाली, देश की आंतरिक सुरक्षा में उनकी जिम्मेदारियों और युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जीवन में कड़ी मेहनत, अनुशासन और देश सेवा की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पीएमजी एवं कमांडेंट/मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी जितेंद्र कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और समर्पण के साथ किया गया कार्य ही जीवन में सफलता दिलाता है। उन्होंने युवाओं से देश सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट अधिकारी वीरेंद्र सिंह ठाकुर, अन्य अधिकारी तथा 15 मार्गदर्शकों के साथ कुल 140 विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी पूछे और सेना के कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अंत में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सीटीसी सीआरपीएफ नीमच का आभार व्यक्त किया गया।