नीमच में भक्ति पांडाल में धूमधाम से मनाया गणपति विवाह उत्सव | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शनिवार को शिव महापुराण गंगा महोत्सव के तहत भगवान श्री गणपति का विवाह उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। मंदिर और कॉलोनी वासियों के सहयोग से सजाए गए भक्ति पांडाल ने कैलाश पर्वतधाम का रूप धारण कर लिया। जैसे ही कथा में गणपति के सिद्धि-रिद्धि विवाह प्रसंग आया, पूरा पांडाल जय गणेश के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के स्वरूप का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा पंडित मनोहर नागदा ने विघ्नहर्ता गणेश की लीलाओं का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान गणेश धर्म और सामाजिक एकता की रक्षा हेतु अवतार लेकर आते हैं।

उन्होंने कहा, "शरीर के अंग पृथक होकर भी एक हैं, सृष्टि के जीव भिन्न होकर भी अभिन्न हैं।" पंडित नागदा ने गणपति विवाह के माध्यम से सिद्धि-बुद्धि और शुभ लाभ का महत्व समझाया। कथा में वासुकी नाग, अर्धनारीश्वर, नंदी की सवारी समेत गणपति विवाह और अन्य धार्मिक विषयों को वर्तमान समय में नैतिक शिक्षा के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया। श्रद्धालु कथा में भाव-विभोर हो उठे और गणपति की आराधना में लीन रहे। कथा के अंत में शिव पुराण पोथी पूजन और आरती संपन्न हुई, जिसके पश्चात धार्मिक ग्रंथों का वितरण किया गया। यह आयोजन श्रद्धा और भक्ति का अनूठा अनुभव प्रदान कर रहा है और लोगों में सनातन धर्म की महत्ता को उजागर कर रहा है।

Top