नीमच टुडे न्यूज़ | भोपाल मध्यप्रदेश में सामाजिक संगठन "वंचित-शोषित सामाजिक संगठनों का अ.भा. परिसंघ (महादलित परिसंघ)" द्वारा 12 मार्च को गांधी भवन में एक दिवसीय राज्य प्रतिनिधि सभा आयोजित की गई। इस प्रतिनिधि सभा में भारत के विभिन्न राज्यों से परंपरागत सफाई कार्य में लगे महादलित समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और भारत माता व बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ किया गया। प्रतिभागियों को सामाजिक उत्थान, आर्थिक मजबूती, शिक्षा और रोजगार में अवसरों के विस्तार के लिए मार्गदर्शन दिया गया। सत्रों में महिला सशक्तिकरण, सफाई कर्मचारियों के उचित वेतन, सुरक्षा और कानूनी अधिकारों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के अतिथियों ने महादलित समाज के विकास एवं व्यापारिक सशक्तिकरण पर विचार साझा किए। समापन सत्र में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने व्यापार एवं शासन योजनाओं के लाभ प्रदान करने का आश्वासन दिया। आयोजक प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णु भारती ने सभी कार्यकर्ताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम सफल घोषित किया।