नीमच टुडे न्यूज़ | भीलवाड़ा (राजस्थान) राजस्थान पुलिस ने भीलवाड़ा में एक महिला चोरी गिरोह को गिरफ्तार किया, जो मध्य प्रदेश के नीमच जिले से कार के माध्यम से ज्वेलरी चोरी के लिए राजस्थान आता था। गिरोह की खासियत यह थी कि महिलाएं चोरी के आभूषण निगल जाती थीं। गिरफ्तार सात महिलाओं में शानू (31), व्रतिका (20), बरजी बाई (52), बसंती (60), मैना (28), पायल (20) और सपना (32) शामिल हैं। शीतला सप्तमी के दिन कोटड़ी स्थित चारभुजा मंदिर में रंगोत्सव के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर गिरोह ने श्रद्धालुओं से मंगलसूत्र और सोने के मोती चुराए। चोरी की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं को पकड़कर मेडिकल और एक्स-रे करवाया। इस दौरान एक महिला के पेट से मंगलसूत्र और छह सोने के मोती निकालने पड़े। महिलाओं ने पूछताछ में कबूल किया कि चोरी के बाद वे जेवरात या तो निगल जाती थीं या कपड़ों में छुपा लेती थीं। पुलिस अब बाकी वारदातों की जांच कर रही है और गिरोह से अन्य जानकारी जुटा रही है।