नीमच टुडे न्यूज़। सोशल मीडिया के माध्यम से शहर की खबरें और जानकारी लोगों तक पहुंचाने वाला इंस्टाग्राम पेज “Hello Neemuch” अब 1 लाख (100K) फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर चुका है। इस पेज के माध्यम से शहर की खबरें, सामाजिक गतिविधियां, मीम्स, रिव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी नियमित रूप से साझा की जाती है। इस पेज का संचालन हरिओम पाटीदार द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि वे नीमच शहर में एसएससी की तैयारी करने आए थे, लेकिन पढ़ाई में उनका मन नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने नीमच शहर को समझना शुरू किया और यहां की खबरों व गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि जब वे नीमच आए थे तब उनके पास न कोई खास पहचान थी और न ही ज्यादा संसाधन, लेकिन लगातार मेहनत और लगन के साथ उन्होंने “Hello Neemuch” पेज को आगे बढ़ाया। धीरे-धीरे शहरवासियों का समर्थन और भरोसा मिलता गया और आज यह पेज 1 लाख फॉलोअर्स के आंकड़े तक पहुंच गया है। 1 लाख फॉलोअर्स पूरे होने की खुशी में हरिओम पाटीदार ने बताया कि वे भगवान सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए नीमच से मंडफिया तक पैदल यात्रा करेंगे और भगवान का आशीर्वाद लेंगे। हरिओम पाटीदार का कहना है कि आगे भी “Hello Neemuch” के माध्यम से नीमच शहर की सकारात्मक खबरें और जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
