नीमच टुडे न्यूज़ | कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा के निर्देशानुसार राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्मजात रोगों से पीड़ित बच्चों की पहचान के लिए जिले में विशेष सर्वे कराया गया। इस दौरान मनासा ब्लॉक के ग्राम धाकड़खेड़ी की 10 वर्षीय दिव्या के दिल में छेद होने की गंभीर समस्या सामने आई। आरबीएसके टीम की डॉ. स्वाती जैन ने गांव पहुंचकर बच्ची की जांच की और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया। इसके बाद मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना के तहत दिव्या को इंदौर के मान्यता प्राप्त निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सफल सर्जरी की गई। इस पूरी प्रक्रिया में परिजनों को कोई खर्च नहीं करना पड़ा। सर्जरी के बाद दिव्या अब पूरी तरह स्वस्थ है। बेटी के स्वस्थ होने से परिवार में खुशी का माहौल है और परिजन जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त कर रहे हैं।