नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मानवता और सामूहिक प्रयास की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है, जहां लापता एक मंदबुद्धि युवक को ग्रामीणों की सतर्कता और सोशल मीडिया की मदद से सुरक्षित ढूंढकर परिजनों को सौंप दिया गया। भगवानपुरा वार्ड नंबर 9 निवासी विनोद कुमार का 26 वर्षीय पुत्र दीपक (दीपु) 10 मार्च को घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद रामपुरा नवजीवन निःशक्तजन कल्याण संघ के अध्यक्ष माणक मोदी और एमआरसी पार्वती मोदी ने इस मामले को सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से प्रमुखता से उठाया। 15 मार्च को बैंसला निवासी हेमलता धनोतिया ने युवक को पहचानते हुए सूचना दी कि वह रामपुर बैसला मार्ग पर देखा गया है। सूचना मिलते ही सरपंच अमर रावत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने खोज अभियान चलाया। दिलखुश मीणा, मनोहर मीणा, दिनेश मीणा, तरुण कहार और सत्यनारायण मीणा के संयुक्त प्रयास से दीपक को सुरक्षित खोज लिया गया। परिजनों ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया।