नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के सभी बैंकर्स को निर्देश दिए हैं कि वे हितग्राही मूलक स्वरोजगार योजनाओं के लंबित प्रकरणों का निराकरण कर 25 मार्च 2026 से पूर्व शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करें। वे सोमवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न विभागों और बैंक शाखाओं के बेहतर समन्वय से नीमच जिला प्रदेश में अग्रणी स्थान पर रहा है। उन्होंने सभी बैंकर्स से अपेक्षा की कि लंबित आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत कर हितग्राहियों को लाभ वितरण सुनिश्चित करें। बैठक में आगामी माह से प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लिए संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही 1 अप्रैल से पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाकर जिले को सेचुरेटेड करने का लक्ष्य रखा गया।कलेक्टर ने बैंकों को सीडी रेशियो बढ़ाने और एनपीए कम करने के निर्देश भी दिए। बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।