नीमच टुडे न्यूज़ | मंदसौर किसानों की समस्याओं को लेकर जागरूक विधायक विपिन जैन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सोसायटियों में ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की कटाई जारी है, जबकि कई किसानों की फसल अभी भी खेतों में खड़ी है, जिससे वे समय पर ऋण चुकाने की स्थिति में नहीं हैं। विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तिथि 16 मार्च से बढ़ाकर 1 अप्रैल 2026 कर दी गई है, जबकि ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च तय है। इस असंगति से किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मार्च के अंतिम सप्ताह में अवकाश होने से किसानों को और कम समय मिल रहा है। किसान संगठनों ने भी तिथि बढ़ाने की मांग की है। विधायक ने सरकार से किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है।