आंवरी माताजी का 20वां विशाल मेला 19 मार्च से, तैयारियां अंतिम चरण में | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा  राजस्थान के प्रतापगढ़-चित्तौड़गढ़ और मध्यप्रदेश के नीमच, मंदसौर सहित आसपास के क्षेत्रों में आस्था का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले माता का खेड़ा स्थित आरोग्य देवी महामाया आंवरी माताजी का 20वां वार्षिक मेला 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और मेला परिसर पूरी तरह सजने-संवरने लगा है। मंगलवार को दुकानदारों को प्लॉट आवंटित कर दिए गए, जिसके बाद मेला क्षेत्र में तेजी से दुकानें सजने लगी हैं। कहीं झूले-चकरी लगाए जा रहे हैं तो कहीं रंग-बिरंगी लाइटों से सजावट की जा रही है। मनोरंजन के लिए ब्रेक डांस, ऑक्टोपस, हेलीकॉप्टर, जंपिंग जैक, मिकी माउस, नाव और रेल जैसे कई आकर्षक झूले लगाए जा रहे हैं। वहीं चाट, पावभाजी, भेलपुरी, पतासे और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों से मेला परिसर महक उठा है। मंदिर समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष मनसुख जैन ने बताया कि इस बार मेले का मुख्य आकर्षण विद्युत सज्जा से सुसज्जित मां का दरबार और भव्य श्रृंगार रहेगा। साथ ही नौ दिवसीय मेले में भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिसमें राजस्थान और मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस बार मेले में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Top