नीमच टुडे न्यूज़ | नशीले पदार्थों के खिलाफ जारी अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), एमपी यूनिट ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 3.300 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को सीबीएन अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल (हीरो स्प्लेंडर प्रो, आरजे 09 एसएक्स 6100) से चिकरड़ा क्षेत्र से अफीम लेकर मारवाड़ के एक तस्कर को सप्लाई करने जा रहा है। सूचना के आधार पर नीमच तृतीय खंड की टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया। टीम ने निम्बाहेड़ा-मंगलवाड़ रोड पर ग्राम नपावली, तहसील भदेसर (जिला चित्तौड़गढ़) के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को रोका। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में रखे प्लास्टिक बैग से 3.300 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।