नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच में आगामी 19 से 27 मार्च तक चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जिले में मांस, मछली और अंडे के विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग उठी है। नीमच मां भादवा, जिसे मालवा की वैष्णो देवी के नाम से भी जाना जाता है, के पवित्र तीर्थ क्षेत्र में यह पर्व हिंदू समाज में आस्था का केंद्र माना जाता है। इस मांग को लेकर एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ़ चेन्नई के सदस्य बाबूलाल नागदा और दिलीप छाजेड़, हिंदू जागरण मंच के संजय गौहर, पुरुषोत्तम शर्मा, पंकज रामावत, नितिन बैरागी और मनीष जैन मारू ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नीमच को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रति सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, जिलाधीश, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को भी प्रेषित की गई। ज्ञापन में आग्रह किया गया है कि नवरात्रि के नौ दिनों में भक्ति और आराधना की भावना के मद्देनज़र पूरे नीमच जिले में मांस, मछली और अंडे की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।