महेश प्रजापत का राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में चयन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | सिंगोली राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में नीमच जिले के सिंगोली स्थित शासकीय श्री वीरेंद्र कुमार सकलेचा शासकीय महाविद्यालय के स्वयंसेवक महेश प्रजापत का चयन हुआ है। यह शिविर सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर 8 मार्च से 14 मार्च तक चित्रकूट स्थित दीनदयाल शोध संस्थान उद्यमिता परिसर, तहसील मझगवां, जिला सतना में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित स्वयंसेवकों ने भाग लिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना, व्यक्तित्व निर्माण को प्रोत्साहित करना और समाज सेवा के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही समूह गतिविधियों, चर्चाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक किया गया। महेश प्रजापत ने शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लोकगीत प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य संजय बिजौलिया एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी परमलाल अहिरवार ने महेश प्रजापत को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्रसंघ नेता कुशाल टाक एवं नगर सह मंत्री खुशबू राव ने भी उनका स्वागत कर सम्मानित किया।

Top