नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का 23वां राज्य स्तरीय नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर चित्रकूट स्थित दीनदयाल शोध संस्थान, उद्यमिता परिसर (तहसील मझगवां, जिला सतना) में 8 से 14 मार्च तक सम्पन्न हुआ। शिविर का आयोजन अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, रीवा की संगठन व्यवस्था में हुआ, जिसका उद्घाटन प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया। इस शिविर में मध्यप्रदेश के सात विश्वविद्यालयों से लगभग 600 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। नीमच जिले से लीड कॉलेज, पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के स्वयंसेवक उमेद पंवार एवं दिव्यांशी धाकड़ ने सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन का प्रतिनिधित्व किया।
शिविर के दौरान उमेद पंवार को द्वितीय दिवस के बौद्धिक सत्र में अध्यक्षता का अवसर मिला, वहीं तृतीय दिवस की सांस्कृतिक संध्या में दिव्यांशी धाकड़ ने मंच संचालन कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों स्वयंसेवकों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर नेतृत्व कौशल, व्यक्तित्व विकास, समय प्रबंधन और मंचभय को दूर करने जैसे महत्वपूर्ण गुण सीखे। शिविर से लौटने पर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राकेश कस्वां सहित समस्त स्टाफ एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने उनका स्वागत कर बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।