हनुमान जयंती मेला व श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा का शंखनाद 27 मार्च को कलश यात्रा से | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री बालाजी कुड़ी मंदिर सेवा विकास समिति कानाखेड़ा, बिजलवास, बामनिया एवं रातडिया के संयुक्त तत्वावधान में भव्य धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। संगम तीर्थ बालाजी कुड़ी काना खेड़ा पर 27 मार्च को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद तीन गांवों के मंदिरों से भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर श्रीमद् भागवत ज्ञान गंगा का आयोजन भी किया जाएगा, जो प्रसिद्ध भागवत आचार्य घीसालाल लाल नागदा (नवलपुरा) के सुपुत्र पंडित पुष्कर नागदा के श्रीमुख से प्रवाहित होगी।

 

यह धार्मिक कथा 27 मार्च से 2 अप्रैल तक प्रतिदिन दोपहर 12:15 बजे से 4:15 बजे तक आयोजित होगी। आयोजन समिति के अनुसार, कथा के दौरान श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों का संदेश मिलेगा। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। 2 अप्रैल, गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं पूर्णाहुति के साथ आयोजन का समापन किया जाएगा। समिति ने सभी धर्मप्रेमीजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Top