नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने पीपीटी के माध्यम से विभागीय प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में बताया गया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, सेवाओं की उपलब्धता एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में नीमच जिला प्रदेश में अग्रणी रहा है। आभा आईडी, अपार आईडी, गर्म पका भोजन वितरण, टेक होम राशन तथा कुपोषित बच्चों के श्रेणी सुधार जैसे क्षेत्रों में जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर ने इन उपलब्धियों पर विभागीय टीम को बधाई दी। कलेक्टर चंद्रा ने निर्देश दिए कि सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा सैम, मैम और कम वजन वाले बच्चों का सही चिन्हांकन किया जाए। उन्होंने हॉट स्पॉट क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने और ऐसे बच्चों के श्रेणी सुधार के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमवन वैष्णव, सीएमएचओ डॉ. आर. प्रसाद, डॉ. मनीष यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।