नीमच टुडे न्यूज़ | जावद क्षेत्र में पहली बार किसानों को आत्मनिर्भर और रसायन मुक्त खेती की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए 28 से 31 मार्च 2026 तक जावद में चार दिवसीय ‘जीरो बजट जहरमुक्त खेती शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा की पहल पर हो रहा है, जिसमें देशभर के किसान भाग लेंगे। शिविर में ‘कृषि ऋषि’ पद्मश्री डॉ. सुभाष पालेकर किसानों को शून्य लागत प्राकृतिक खेती का निःशुल्क प्रशिक्षण देंगे। वे बताएंगे कि एक देसी गाय के माध्यम से 10-15 एकड़ भूमि पर बिना रासायनिक खाद और कीटनाशकों के खेती कैसे की जा सकती है।किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन में आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाएं निःशुल्क रखी गई हैं। विधायक सखलेचा ने जिले एवं आसपास के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस अवसर का लाभ लेने की अपील की है। यह आयोजन प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।