नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच 16 दिवसीय गणगौर महापर्व के अंतर्गत नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज महिला मंडल समिति, छावनी द्वारा गुरुवार शाम 4 बजे गणगौर की झेल धूमधाम से निकाली गई। झेल इंदिरा नगर स्थित उमाशंकर मांगलिक भवन से प्रारंभ होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होती हुई बैरिस्टर उमाशंकर त्रिवेदी मांगलिक सभागार पहुंची, जहां विसर्जन किया गया। प्रारंभ से पूर्व महिलाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणगौर माता की पूजा-अर्चना कर ईसर-गौरा को जल अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और युवतियों ने गणगौर लावणियां गाते हुए आकर्षक प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। झांकी में ईसर-गौरा का सजीव चित्रण भी आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन में समिति की पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और समाजजन उपस्थित रहे।