नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विक्रम संवत हिंदू नववर्ष के अवसर पर शुभ प्रभात योग मित्र मंडल द्वारा पारंपरिक उत्साह के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग से हुई, जिसमें महिलाएं गुलाबी परिधान और पुरुष श्वेत वेशभूषा में शामिल हुए। इसके बाद गांधी वाटिका से कमल चौक, बारादरी होते हुए घंटाघर तक रैली निकाली गई। रैली में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ढोल-नगाड़ों की गूंज रही। शहीद स्मारक पहुंचकर सदस्यों ने एक-दूसरे को कुमकुम तिलक लगाकर नीम, मिश्री और काली मिर्च का प्रसाद वितरित किया तथा नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नीम की कोपलों और मिठाई का वितरण भी किया गया। मंडल द्वारा औषधीय गुणों से भरपूर नीम के 11 पौधे निःशुल्क वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्य और नागरिक उपस्थित रहे।