नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही जिले के प्रसिद्ध आरोग्य स्थल महामाया मां भादवा माता मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं एसपी अंकित जायसवाल ने मंदिर परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने दर्शन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने मंदिर में पहुंचकर धर्म ध्वजा चढ़ाई और मां भादवा के दर्शन-पूजन कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। लगभग 800 वर्ष प्राचीन भादवा माता मंदिर मालवा की वैष्णो देवी के रूप में प्रसिद्ध है, जहां नवरात्रि में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर की बावड़ी का जल चमत्कारी माना जाता है। शासन द्वारा यहां सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न विकास कार्य भी किए जा रहे हैं।