नीमच टुडे न्यूज़ | उज्जैन सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने गति बढ़ा दी है। गुरुवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में आयोजित एमपीआरडीसी के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में संभागायुक्त सह मेला अधिकारी आशीष सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के लिए हर दिन महत्वपूर्ण है, इसलिए शेष कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए।बैठक में उज्जैन-इंदौर ग्रीनफील्ड मार्ग (48 किमी) को 31 अक्टूबर 2027 तक और उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड (98 किमी) को 30 नवंबर 2027 तक पूर्ण करने की समय सीमा तय की गई।
इसके अलावा सिंहस्थ बायपास 30 जुलाई 2027, हरी फाटक ब्रिज 15 जून 2027 और मक्सी रोड 30 जून 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। संभागायुक्त ने हरी फाटक ब्रिज में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर करने और 1 अप्रैल से ग्रीनफील्ड परियोजनाओं का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को मुआवजा वितरण की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी करने पर जोर दिया, ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।