नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मध्यप्रदेश में बढ़ती एयर कनेक्टिविटी के बीच अब नीमच भी हवाई नक्शे पर अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नीमच में एयर कनेक्टिविटी और एयरपोर्ट निर्माण को लेकर किए गए बड़े ऐलान से जिले में उत्साह और उम्मीदों का माहौल बन गया है। यदि यह प्रस्ताव धरातल पर उतरता है तो नीमच से भी जल्द ही विमान उड़ान भरते नजर आ सकते हैं, जिससे आम लोगों के हवाई सफर का सपना साकार होगा। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों से सीधी कनेक्टिविटी की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। प्रदेश में पहले से ही हवाई सेवाओं का विस्तार जारी है, रीवा से रायपुर के बीच हाल ही में शुरू हुई उड़ान इसका उदाहरण है। अब इसी कड़ी में नीमच के शामिल होने की संभावना से क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिल सकती है। एयरपोर्ट बनने से जिले में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही यात्रा समय में भी बड़ी कमी आएगी। कुल मिलाकर यह घोषणा नीमच के विकास की तस्वीर बदलने वाली साबित हो सकती है और शहर को एक नई पहचान दिला सकती है।