नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच गोमाबाई नेत्रालय के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए राजस्थान के झालावाड़ निवासी 30 वर्षीय युवक की क्षतिग्रस्त आंख निकालकर आर्टिफिशियल आंख स्थापित की। जानकारी के अनुसार, युवक की आंख में पांच वर्ष पूर्व एक दुर्घटना के दौरान जहरीले कीड़े के प्रवेश से गंभीर संक्रमण हो गया था। लंबे समय तक अन्य स्थानों पर इलाज कराने के बावजूद उसे राहत नहीं मिली। इसके बाद वह उपचार के लिए नीमच के गोमाबाई नेत्रालय पहुंचा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों ने जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया। सफल सर्जरी के बाद युवक के चेहरे का स्वरूप सामान्य दिखाई देने लगा है और उसका आत्मविश्वास भी वापस लौट आया है। परिवारजनों ने सफल उपचार के लिए अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया है। यह उपलब्धि नेत्रालय की विशेषज्ञता और बेहतर चिकित्सा सेवाओं का उदाहरण मानी जा रही है।