नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा मालवा अंचल के प्रसिद्ध तीर्थधाम माताकाखेड़ा स्थित आरोग्य देवी महामाया आंवरी माताजी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि मां के दरबार में आने से असाध्य रोग, पारिवारिक कलह और जीवन की कई बाधाओं से मुक्ति मिलती है। श्रद्धालु यहां अपने कष्टों से मुक्ति और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए अर्जियां लगाते हैं। विशेष रूप से नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहता है।
यहां गरीब-अमीर सभी वर्गों के लोग बिना भेदभाव के पहुंचते हैं। मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। करीब 35 लाख रुपए की लागत से धर्मशाला में कमरे, बाथरूम और बड़ा हॉल बनाया जा रहा है। वहीं सांसद निधि से 40 लाख रुपए की लागत से कम्युनिटी हॉल निर्माणाधीन है। विधायक निधि से ट्रांसफार्मर भी स्वीकृत किया गया है। चैत्र नवरात्रि पर यहां नौ दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करते हैं।