नीमच टुडे न्यूज़ | जावद मुस्लिम समाज का पवित्र रमजान माह पूर्ण होने के बाद शुक्रवार को ईद-उल-फितर का पर्व नगर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अठाना दरवाजा स्थित ईदगाह कब्रिस्तान में सेकड़ों की संख्या में समाजजन पहुंचे और ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इससे पूर्व मुस्लिम समाज के लोग जुलूस के रूप में शहर काजी सैयद आदिल कादरी के निवास पर पहुंचे और वहां से अठाना दरवाजा ईदगाह की ओर रवाना हुए।
जुलूस लक्ष्मीनाथ चौक और माणक चौक होते हुए ईदगाह पहुंचा, जहां शांतिपूर्ण वातावरण में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद हाफिज नईम इकबाल (कोटा) ने रमजान और ईद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाजजनों को संदेश दिया। उन्होंने ईदगाह कब्रिस्तान में चल रहे निर्माण कार्यों के लिए सहयोग की भी अपील की। शहर काजी सैयद आदिल कादरी ने सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं और देश में अमन-चैन की दुआ की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संपन्न कराई गईं।