जिटो ने बढ़ाया मदद का हाथ, शहीद कंचनबाई के परिवार को 3 लाख की सहायता | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच ग्राम रानपुर की शहीद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कंचनबाई मेघवाल के परिवार के लिए जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जिटो) ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए 3 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस सहयोग से आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को बड़ी राहत मिली है। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व मधुमक्खियों के हमले के दौरान कंचनबाई ने अपनी जान की परवाह किए बिना 20 से अधिक बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। इस दौरान हजारों डंक झेलने के कारण उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनके साहस और बलिदान ने पूरे जिले को भावुक कर दिया। घटना के बाद जिटो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलेश सोजतिया ने परिवार की स्थिति का जायजा लिया। जांच में सामने आया कि परिवार अत्यंत गरीब है, पति लकवाग्रस्त हैं और बेटा बेरोजगार है। इसके बाद जिटो पदाधिकारियों ने सहायता का निर्णय लिया।शुक्रवार को जिटो महिला विंग की चेयरपर्सन रिंकू राठौर के नेतृत्व में 2 लाख रुपए पुत्र रवि को तथा 50-50 हजार रुपए पुत्रियों वर्षा और चंदा को प्रदान किए गए। इस अवसर पर ग्रामीणों और समाजजनों ने कंचनबाई के साहस को नमन करते हुए जिटो की पहल की सराहना की।

Top