नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच Dr. Mohan Yadav ने जयपुर में आयोजित ‘इन्टरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ में निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश देश का हृदय है और यहां विकास के असीम अवसर मौजूद हैं। उन्होंने राजस्थान के उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश में बेहिचक निवेश करने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्तर पर पूरा सहयोग देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश और राजस्थान “जुड़वा भाइयों” की तरह हैं और दोनों राज्यों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक व पारिवारिक संबंध बेहद मजबूत हैं। राजस्थान की उद्यमशीलता और मध्यप्रदेश की संसाधन क्षमता मिलकर सेंट्रल इंडिया को औद्योगिक शक्ति का केंद्र बना सकती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 26 नई औद्योगिक नीतियां लागू की गई हैं और स्पेस व एआई सेक्टर के लिए भी नई पॉलिसी लाई जा रही है।
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का सरप्लस बिजली राज्य है और अब ‘ग्रीन, क्लीन एंड सोलर एनर्जी कैपिटल’ के रूप में उभर रहा है। नर्मदापुरम जिले में देश का पहला ‘मैन्युफैक्चरिंग जोन फॉर पॉवर एंड रिन्यूएबल एनर्जी इक्विपमेंट्स’ विकसित किया जा रहा है। साथ ही उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम, आकर्षक इंसेंटिव और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में औद्योगिक विकास के लिए 6104 करोड़ रुपए और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 1 लाख करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। पर्यटन, मेडिकल, डेयरी और माइनिंग सेक्टर में भी तेजी से प्रगति हो रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन चर्चा कर उन्हें मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर विभिन्न उद्योग संगठनों और निवेशकों ने प्रदेश की नीतियों की सराहना करते हुए निवेश में रुचि दिखाई।