स्वच्छता सर्वेक्षण 2026: नीमच नपा एक्शन मोड में, रात में किया सफाई व्यवस्था का निरीक्षण | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को लेकर नगर पालिका परिषद नीमच पूरी तरह सक्रिय हो गई है। नपाध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन और मुख्य नगर पालिका अधिकारी  दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में शहर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को नपाध्यक्ष  चोपड़ा ने स्वास्थ्य सभापति  धर्मेश पुरोहित के साथ विजय टाकीज चौराहा से कमल चौक तक चल रहे रात्रिकालीन सफाई अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक को मुख्य मार्गों के साथ-साथ आसपास की प्रमुख गलियों—पुस्तक बाजार, बोहरा गली, दाना गली और नायका ओली—में भी नियमित और बेहतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी दुकानों का कचरा सड़क पर न फेंकें। साथ ही प्रत्येक दुकान पर कचरा पात्र रखने और उसमें गीला व सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहित कर कचरा वाहन में देने की समझाइश दी। नपाध्यक्ष के निर्देश पर तुरंत सफाई गैंग की तीनों टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजकर सफाई करवाई गई। साथ ही टाकीज से कमल चौक तक प्रेशर मशीन से डिवाइडर और आसपास के क्षेत्रों की धुलाई भी कराई गई। इस दौरान स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज, अविनाश घेघट, गैंग प्रभारी दीपक गौहर और आकाश सौदे भी मौजूद रहे।

Top