नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जनभागीदारी से चल रहे तालाब गहरीकरण कार्यों एवं अमृत सरोवर निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, जनपद सीईओ आरिफ खान सहित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने ग्राम ढोलपुरा में अंकुर उपवन का निरीक्षण कर पौधारोपण कार्य की सराहना की तथा नाले पर प्रस्तावित बड़े तालाब निर्माण का मौका मुआयना किया।
उन्होंने सरपंच को मिट्टी निकालकर मजबूत पाल निर्माण करने के निर्देश दिए। साथ ही 15 लाख की विधायक निधि से बन रहे सामुदायिक डोम का भी निरीक्षण कर फर्श के कॉम्पेक्शन के निर्देश दिए। ढोलपुरा जलाशय में मगरमच्छ दिखने पर वन विभाग को रेस्क्यू कर गांधी सागर में छोड़ने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने थड़ोली और जावी में अमृत सरोवर कार्यों का निरीक्षण कर उनकी क्षमता बढ़ाने, गहरीकरण एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की बात कही। सेमली चंद्रावत में वेस्टवेयर लेवल जांचने के निर्देश भी दिए गए। वहीं कनावटी में भूमि सुपोषण और कलश यात्रा के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया।